स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारणी जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एमपी ऑनलाइन के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा। डीएलएड पाठ्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, जबकि बीएड के लिए आवेदन 25 मई से शुरू होंगे।
अलग-अलग चरणों में होगी प्रवेश प्रक्रिया
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एमएड, एमए मनोविज्ञान (व्यवहारिक), पीजीडीजीसी, बीएड, डीएलएड, डीपीएसई और पीजीडीईएलटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी।
ये प्रवेश प्रदेश के प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, शासकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, आंग्ल भाषा प्रशिक्षण संस्थान, पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण संस्थान तथा मनोविज्ञान शिक्षा एवं संदर्शन महाविद्यालय सहित विभिन्न शासकीय शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए होंगे।
वेबसाइट पर करना होगा ऑनलाइन पंजीयन
राज्य शिक्षा केंद्र के अपर संचालक ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार राज्य शिक्षा केंद्र की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
प्रवेश कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां
डीएलएड : 15 मई से 14 अगस्त तक
बीएड : 25 मई से 27 जुलाई तक
एमएड : 1 जून से 30 जुलाई तक
पीजीडीईएलटी : 3 जून से 22 जून तक
डीपीएसई : 8 जून से 31 जुलाई तक
एमए मनोविज्ञान एवं पीजीडीजीसी : 8 जून से 31 जुलाई तक