नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 23 सितंबर को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इस संगठनात्मक फेरबदल में मध्य प्रदेश को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। मध्य प्रदेश के चार नेताओं को दूसरे राज्यों का प्रभार सौंपा गया है। वहीं मध्य प्रदेश के लिए बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा की जारी सूची में ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है।
कविता पाटीदार बनीं राजस्थान की सह प्रभारी
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राजस्थान का सह प्रभारी बनाया गया है। भाजपा की नई सूची में राजस्थान की जिम्मेदारी संजय भाटिया को प्रभारी के तौर पर दी गई है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। कविता पाटीदार मध्य प्रदेश भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं। वह इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ वनाथी श्रीनिवासन को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भदौरिया मध्य प्रदेश की अटेर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भाजपा संगठन में भी वह लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। अब पार्टी ने उन्हें आंध्र प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है।
लाल सिंह आर्य बने पश्चिम बंगाल के सह प्रभारी
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता लाल सिंह आर्य को पश्चिम बंगाल का सह प्रभारी बनाया गया है। पश्चिम बंगाल में सुनील बंसल को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि लाल सिंह आर्य के साथ राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को भी सह प्रभारी बनाया गया है। लाल सिंह आर्य मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह गोहद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।
गजेन्द्र सिंह पटेल को झारखंड का प्रभार
खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। झारखंड में उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। गजेन्द्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक भूमिका निभाने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। अब झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका और बढ़ गई है।
आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया विभाग में जिम्मेदारी
इसी संगठनात्मक बदलाव के बीच भाजपा ने मीडिया विभाग में भी नई नियुक्ति की है। जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है। वहीं अनिल बलूनी को संगठन विभाग का समन्वयक नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।