भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित ग्राम रोजगार सहायक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने ग्राम रोजगार सहायकों के लिए कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब ग्राम रोजगार सहायक भी पंचायत सचिवों की तरह 62 वर्ष की उम्र तक सेवा दे सकेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन ग्राम रोजगार सहायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं, लेकिन बाद में वे निर्दोष साबित हो जाते हैं, उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कर्मचारियों की चिंता करेगी और उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
जनप्रतिनिधियों के साथ होंगे अहम फैसले
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने पहले भी रोजगार सहायकों का पारिश्रमिक बढ़ाया है और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों के रिक्त पद, आयु सीमा और अनुकंपा नियुक्ति जैसे मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।
ग्राम रोजगार सहायकों की भूमिका अहम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास और निर्माण कार्यों में ग्राम रोजगार सहायकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पंचायतों की व्यवस्थाएं रोजगार सहायकों के बिना प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो सकतीं।