भोपाल। मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी और लू का असर तेज हो गया है। ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर सहित 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म
प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद खजुराहो में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
दतिया में 44.3 डिग्री, जबलपुर, शाजापुर, दमोह और टीकमगढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़, रीवा, मलाजखंड और सतना में पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया।
मंडला और उमरिया में 43.3 डिग्री, सागर और रतलाम में 43.2 डिग्री तथा गुना और खंडवा में 43.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों में भी बढ़ा तापमान
प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर और उज्जैन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में पारा 41.6 डिग्री और इंदौर में 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।