मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सतना, रीवा, मैहर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिलों में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है।लोगों को मोबाइल फोन पर अलर्ट मैसेज भेजकर धूप से बचने, जरूरी सावधानियां बरतने और बिना आवश्यकता घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।
जानवरों को भी गर्मी से बचाने के इंतजाम
भीषण गर्मी का असर अब इंसानों के साथ-साथ वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है। राजधानी भोपाल स्थित वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को राहत देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।शेर, बाघ और तेंदुओं के बाड़ों में कूलर, पर्दे और ग्रीन नेट लगाए गए हैं। साथ ही जानवरों को ठंडक देने के लिए बाड़ों में लगातार पानी भरा जा रहा है।
खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म
प्रदेश में गुरुवार को भी तेज गर्मी और लू का असर बना रहा। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म शहर रहे, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई शहरों में दिनभर सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। वहीं प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।