मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत इस बार भीषण गर्मी के साथ आंधी और बारिश से हुई है। प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। भोपाल, उमरिया और दमोह समेत 15 से अधिक जिलों में गर्मी के बीच बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।
45 जिले हीटवेव की चपेट में
मौसम विभाग ने मंगलवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल और ग्वालियर सहित प्रदेश के कुल 45 जिले हीटवेव की चपेट में रहने की संभावना जताई गई है।हालांकि इंदौर और नर्मदापुरम संभाग में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर बने हुए हैं, जहां तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
28 मई को प्री-मानसून की दस्तक
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि 28 मई को ग्वालियर, चंबल, सागर और जबलपुर संभाग के 14 जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी हिस्से से गुजर रहे टर्फ सिस्टम के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
भोपाल में नौतपा के दौरान कई बार हुई बारिश
भोपाल में पिछले 14 वर्षों के दौरान 7 बार नौतपा में बारिश दर्ज की गई है, जबकि दो बार हल्की बूंदाबांदी हुई थी। इस बार भी नौतपा की शुरुआत बूंदाबांदी और बादलों के साथ हुई है।
साल 2018 और 2019 में नौतपा के दौरान सबसे अधिक गर्मी पड़ी थी, जब औसत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया था।
खजुराहो में रिकॉर्ड तापमान
सोमवार को नौतपा के पहले दिन प्रदेश में कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश का असर देखने को मिला। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहा।खजुराहो में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। वहीं नौगांव में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।इसके अलावा दतिया में 45.6 डिग्री, मंडला में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.3 डिग्री, मलाजखंड में 45 डिग्री, सतना में 44.9 डिग्री, दमोह और रीवा में 44.6 डिग्री, राजगढ़ में 44.5 डिग्री, गुना में 44.3 डिग्री और शाजापुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों में भी बढ़ी गर्मी
प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।भोपाल में 43.4 डिग्री, इंदौर में 41.4 डिग्री, उज्जैन में 41.8 डिग्री और जबलपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।