मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में हालात ऐसे हैं मानो आसमान से आग बरस रही हो। कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के 5 सबसे गर्म शहर
खजुराहो – 47.4 डिग्री
नौगांव – 46.6 डिग्री
दमोह – 46 डिग्री
मंडला – 45.6 डिग्री
सतना – 45.3 डिग्री
कई जिलों में लू का असर
प्रदेश के रायसेन, राजगढ़, विदिशा, रतलाम, रीवा, सतना, खजुराहो, सागर, टीकमगढ़, दमोह, श्योपुर, दतिया, गुना और ग्वालियर में लू का असर देखा गया। वहीं नौगांव में तीव्र हीट वेव दर्ज की गई।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, रतलाम, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 2.1 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है।