मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत 25 मई से हो गई है और इसके साथ ही भीषण गर्मी का दौर भी तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्से हीटवेव की चपेट में रहेंगे। सोमवार को 44 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर रह सकती है।
खजुराहो और नौगांव बने सबसे गर्म शहर
नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया। रविवार को खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री, जबकि सागर, सतना, दमोह और मुरैना समेत कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के आसपास रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.1 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
रेड अलर्ट वाले जिले
निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
भिंड, दतिया, सागर, दमोह, जबलपुर, मंडला, कटनी, रीवा, सीधी, सिंगरौली समेत 18 जिलों में तीव्र लू की चेतावनी दी गई है।
येलो अलर्ट वाले जिले
भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, रायसेन, विदिशा, गुना, शिवपुरी, मुरैना समेत 21 जिलों में सामान्य लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाव रखने की सलाह दी गई है।
बड़े शहरों में गर्मी के साथ बारिश का भी ट्रेंड
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में पिछले कई वर्षों से मई महीने में गर्मी के साथ बारिश का ट्रेंड भी देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार भी महीने के अंत तक कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।