भोपाल। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक तेज लू और हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है।
नौगांव में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं खजुराहो में 46.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रीवा, जबलपुर, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। कई इलाकों में गंभीर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। छतरपुर जिले में लू का असर अधिक देखने को मिला, जबकि छिंदवाड़ा जिले में गर्म रात की स्थिति बनी रही।मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
भोपाल समेत कई शहरों में बढ़ी गर्मी
राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग धूप से बचते नजर आए।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
नौगांव (छतरपुर) – 46.8 डिग्री
खजुराहो (छतरपुर) – 46.4 डिग्री
सतना और टीकमगढ़ – 44.5 डिग्री
विदिशा और दतिया – 44.4 डिग्री
नरसिंहपुर और दमोह – 44.2 डिग्री
अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 27 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। सतना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में गंभीर लू चलने की संभावना जताई गई है।इसके अलावा दतिया, भिंड, रीवा, कटनी, दमोह और मैहर सहित कई जिलों में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों तक अधिकतर जिलों में मौसम सूखा रहेगा और तापमान में किसी खास गिरावट के संकेत नहीं हैं।