एमपी में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश के कई जिले भीषण लू और तेज धूप की चपेट में हैं। खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ समेत कई शहरों में हालात भट्टी जैसे बने हुए हैं। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना जताई है, जबकि 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे।
एमपी में भीषण गर्मी का कहर
बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक मई महीने में खजुराहो में पहली बार इतना अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।
7 जिलों में रेड अलर्ट
नौगांव प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह में 46 डिग्री, मंडला में 45.6 डिग्री, सतना में 45.3 डिग्री, मुरैना में 45 डिग्री और टीकमगढ़ में 44.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं उमरिया में 44.7 डिग्री, रीवा में 44.5 डिग्री, सागर, नरसिंहपुर और मलाजखंड में 44.4 डिग्री, रायसेन में 44.2 डिग्री और दतिया में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
खजुराहो 47.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म
प्रदेश के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में 44.3 डिग्री, भोपाल में 42.6 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।