अलीराजपुर: मध्यप्रदेश की राजनीति में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर नया विवाद सामने आया है। एक महिला ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में है। महिला ने खुद की पहचान रश्मि सिंह नागर के रूप में बताई है। उसका कहना है कि जब वह 18 साल की थी, तभी से मंत्री के साथ उसके संबंध हैं। महिला ने अपने दावों के समर्थन में कथित व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी सार्वजनिक किए हैं। हालांकि, मंत्री नागर सिंह चौहान ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश और अपनी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
महिला ने 20 साल से रिश्ते में होने का किया दावा
महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ लंबे समय से संबंध होने का दावा किया है। उसने कहा कि वह करीब 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में है। महिला ने कथित व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं।
सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप
महिला ने मंत्री की पत्नी और अलीराजपुर की सांसद अनिता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि इस पूरे विवाद के कारण उसका बेटा भी डरा हुआ है।महिला ने वीडियो में चेतावनी देते हुए कहा है कि वह मंत्री के घर जाएगी। अगर वहां उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए सांसद अनिता चौहान जिम्मेदार होंगी।
गर्भपात कराने का भी लगाया आरोप
महिला ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक हस्तलिखित शिकायत में भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि उसका कई बार गर्भपात कराया गया।इसके अलावा महिला ने खुद और अपने बेटों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उसने पूरे मामले में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री नागर सिंह चौहान ने बताया राजनीतिक साजिश
महिला के आरोपों पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने साफ तौर पर इनकार किया है। मंत्री का कहना है कि महिला से उनका किसी भी तरह का कोई रिश्ता नहीं है।उन्होंने बताया कि महिला के पिता के साथ उनके परिवार के पारिवारिक संबंध जरूर रहे हैं, लेकिन महिला की ओर से लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं।मंत्री ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत बदनाम करने और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सांसद पत्नी अनिता चौहान पर लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों को भी खारिज किया।मंत्री के मुताबिक, महिला ने उनकी पत्नी को कुछ संदेश भेजे थे, जिनका जवाब भी दिया गया था।
शिकायत और जांच पर टिकी नजर
फिलहाल महिला के दावों और मंत्री के इनकार के बाद यह मामला मध्यप्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ महिला ने रिश्ते, प्रताड़ना और सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं मंत्री ने इन्हें पूरी तरह खारिज किया है।अब इस मामले में महिला की शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और जांच के दौरान क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।