सूबेदार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के तहत 500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मप्र कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम 18 मई को जारी किया जा चुका है। अब चयनित अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 5 जून से 11 जून के बीच भोपाल स्थित लाल परेड मैदान और जबलपुर के परेड ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे।
शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान होगा आधार ई-केवाईसी सत्यापन
अभ्यर्थी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से अपना सूचना पत्र डाउनलोड कर निर्धारित परीक्षा स्थल पर उपस्थित हो सकते हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान आधार ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्वयं प्रमाणित छायाप्रति भी साथ लाना अनिवार्य होगा।
भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता
गौरतलब है कि वर्ष 2023 की पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में दस्तावेज सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था, जिसमें कुछ स्थानों पर दूसरे अभ्यर्थियों को बैठाने की घटना उजागर हुई थी। इसी को देखते हुए इस बार भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।