भोपाल: मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आवेदकों की सूची तैयार करने की तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए करीब 34,200 शिक्षकों ने आवेदन किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल, कर्मचारी चयन मंडल से आवेदकों की सूची मिलने के बाद जिला और संभाग के हिसाब से उनकी लिस्टिंग कराएगा। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों का अलग-अलग ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसी आधार पर परीक्षा केंद्रों की संख्या और उनके स्थान तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
TET के लिए 34,200 शिक्षकों ने किया आवेदन
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या संभावित आंकड़े से काफी कम रही है। करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के आवेदन करने की संभावना जताई गई थी, लेकिन दो बार आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने के बाद भी कुल 34,200 शिक्षकों ने ही आवेदन किया।आवेदन प्रक्रिया 11 अक्टूबर को समाप्त हुई थी। अब परीक्षा की तैयारियां आवेदकों की वास्तविक संख्या के आधार पर की जाएंगी।
20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आवेदन करने वाले शिक्षकों में करीब 20 हजार सरकारी स्कूलों के शिक्षक हैं, जबकि लगभग 14 हजार निजी स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों ने आवेदन किया है।स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सितंबर में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। अब माध्यमिक शिक्षा मंडल को कर्मचारी चयन मंडल से आवेदकों की पूरी सूची मिलने का इंतजार है।
जिला-संभागवार लिस्टिंग के बाद तय होंगे परीक्षा केंद्र
आवेदकों की सूची मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल शिक्षकों की पदस्थापना के आधार पर उनका वर्गीकरण करेगा। इसमें यह जानकारी जुटाई जाएगी कि किस जिले और संभाग से कितने शिक्षकों ने आवेदन किया है।इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों की संख्या भी अलग-अलग दर्ज की जाएगी। इस जानकारी के आधार पर परीक्षा केंद्रों की जरूरत, उनकी संख्या और स्थान निर्धारित करने में मदद मिलेगी।
दशहरे के बाद बैठक, परीक्षा की तारीख पर होगा फैसला
शिक्षक पात्रता परीक्षा के आयोजन को लेकर दशहरे के बाद संबंधित अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव और लोक शिक्षण आयुक्त सहित अन्य अधिकारी शामिल हो सकते हैं।बैठक में आवेदकों की संख्या, जिला-संभागवार स्थिति और परीक्षा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी। इसी दौरान परीक्षा की तारीख निर्धारित करने पर भी विचार किया जाएगा। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।फिलहाल परीक्षा की निश्चित तारीख और परीक्षा केंद्रों की सूची जारी नहीं की गई है। शिक्षकों को आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार करना होगा।