मध्यप्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के करीब 40 शहरों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज और मध्यम लू चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि छिंदवाड़ा समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
खजुराहो और नौगांव बने सबसे गर्म शहर
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। दोनों जगह अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई शहरों में 45 डिग्री के पार तापमान
प्रदेश के अन्य गर्म शहरों में दतिया में 45.7 डिग्री, रीवा में 45.4 डिग्री, दमोह में 45.2 डिग्री और राजगढ़, टीकमगढ़ में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों में भी गर्मी का असर
राजधानी भोपाल में तापमान 43.6 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में 41.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर में 44.5 डिग्री और जबलपुर में 43 डिग्री तापमान रहा।
रात में भी गर्मी से राहत नहीं
प्रदेश के कई शहरों में रातें भी गर्म बनी हुई हैं। गुना में न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा रायसेन, राजगढ़, सागर और जबलपुर में भी रात का तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहा।
छिंदवाड़ा समेत कुछ इलाकों में बारिश के आसार
प्रदेश में लू का असर बना रहेगा। हालांकि छिंदवाड़ा समेत करीब छह इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।