भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित ग्राम रोजगार सहायक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तारीख बढ़ाकर अब 28 मई 2026 तक कर दी गई है, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार देश में सबसे अधिक किसानों से गेहूं खरीदने वाली सरकारों में शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले साल प्रदेश में 75 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जबकि इस साल 100 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है।
स्लॉट बुकिंग कराने वाले किसानों को मिलेगा मौका
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिन किसानों ने 23 मई 2026 तक स्लॉट बुकिंग करा ली है, लेकिन अब तक अपना गेहूं नहीं बेच पाए हैं, उन्हें 28 मई तक खरीदी केंद्रों पर गेहूं बेचने का अवसर मिलेगा।
स्लॉट बुकिंग की तारीख दो बार बढ़ाई गई
सरकार ने पहले स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 30 अप्रैल तय की थी। बाद में इसे बढ़ाकर 9 मई और फिर 23 मई 2026 कर दिया गया। अब गेहूं खरीदी की अवधि भी आगे बढ़ा दी गई है।
खरीदी केंद्रों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
सरकार ने प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर कम से कम 6 तौल कांटे रखने का प्रावधान किया है। जरूरत पड़ने पर जिलों को इससे अधिक तौल कांटे लगाने की अनुमति भी दी गई है।
प्रभारी अधिकारी रखेंगे निगरानी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक खरीदी केंद्र पर प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं, जो आने वाले दिनों में खरीदी व्यवस्था की निगरानी करेंगे और किसानों को परेशानी नहीं होने देंगे।