भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस छात्र संगठन NSUI ने बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री निवास घेरने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते पुलिस को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पांच बार वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। NSUI कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर जूते भी फेंके। पुलिस ने माइक से प्रदर्शनकारियों को अभद्रता न करने की चेतावनी दी।
दिग्विजय - जीतू समेत 200 कांग्रेसी हिरासत में
इस दौरान NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और बार-बार इसे पार करने का प्रयास किया। बावजूद इसके पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की और बड़ी संख्या में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत लगभग 200 कार्यकर्ता शामिल रहे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की भी मांग उठाई।
जीतू पटवारी ने दिए निर्देश
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही से बच रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच पर बड़ी संख्या में चढ़े कार्यकर्ताओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भी संयम बरतने और दिग्विजय सिंह को सम्मानपूर्वक मंच तक पहुंचाने की अपील की।
प्रमुख नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
एनएसयूआई के प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह अलावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सुखदेव पांसे, कमलेश्वर पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।