भोपाल - पीएम मोदी के कार्यकाल को आज यानी के मंगलवार को 12 साल पूरे हो गए हैं। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। पीएम के 12 साल पूरे होने पर देशभर के नेता उन्हें बधाई संदेश दे रहे हैं। इसी क्रम में एमपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की जमकर तारीफ की।
पीएम ने हर वर्ग के लिए काम किया
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट में लिखा - 12 वर्ष पूर्व आज ही के दिन आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ एक नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था। इन 12 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में भारत ने विकास और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को स्पर्श किया है। गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए संचालित अनेक ऐतिहासिक योजनाओं ने करोड़ों देशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
पीएम ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाई
प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और जी-20 की सफल अध्यक्षता जैसे अनेक ऐतिहासिक प्रयासों ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई पहचान दी है। आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक नेतृत्व वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
सांस्कृतिक गौरव के नए प्रतिमान स्थापित किए
आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुरक्षा, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। #ViksitBharat@2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में मोदी जी का नेतृत्व देशवासियों को निरंतर प्रेरित कर रहा है। राष्ट्रसेवा के इन गौरवपूर्ण 12 वर्षों हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आत्मीय अभिनंदन।