राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अधिक भीड़ और मंच पर अचानक बढ़े दबाव के चलते स्वागत मंच टूट गया, जिससे कई नेता नीचे गिर पड़े। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर भी गिर गए, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
स्वागत के लिए उमड़ी भारी भीड़
स्वागत कार्यक्रम में पूरे जिले से भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्यावरा, सारंगपुर, खुजनेर और सुठालिया सहित कई इलाकों से कार्यकर्ता पहुंचे। स्वागत के लिए उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह मंच लगा रखे थे,जिन पर बड़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इन मंचों और भीड़ के कारण लंबा जाम भी लगा रहा।
खिलचीपुर नाके पर तीन मंच, भीड़ बनी हादसे की वजह
खिलचीपुर नाके पर युवा मोर्चा के तीन अलग-अलग दावेदारों द्वारा मंच बनाए गए थे। स्वागत के दौरान जैसे ही नेताओं के मंच पर पहुंचने का समय आया, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक साथ चढ़ गए। ज्यादा भार और धक्का-मुक्की के कारण मंच अचानक टूट गया और सभी नेता नीचे गिर पड़े।
भीड़ में अफरा-तफरी, लेकिन बड़ा हादसा टला
मंच टूटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कार्यकर्ताओं ने तुरंत नेताओं को संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया गया। हर जगह मंच पर बड़ी मालाओं के बीच फोटो खिंचाने की कार्यकर्ताओं में होड़ के वजह से ये हादसा हुआ।
भीड़ में चोरी की वारदात, दावेदार की जेब से 1.5 लाख रुपये गायब
इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए चोरों ने भी वारदात को अंजाम दिया। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पद के दावेदार गौरव सोनी की जेब से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी हो गए। भीड़ में वे समझ नहीं पाए और रैकी कर वारदात का इंतजार कर रहा बदमाश पर्स चुराकर ले गया। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।