टीकमगढ़। टीकमगढ़ जिले के खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें बीजेपी मंडल महामंत्री प्रशांत शुक्ला अस्पताल के अंदर स्कूटी चलाते नजर आ रहे हैं। सुरक्षा गार्ड के रोकने के बावजूद स्कूटी अंदर ले जाने का आरोप है। बीजेपी नेता ने सफाई देते हुए कहा कि सीने में दर्द से परेशान अपने ड्राइवर को तत्काल इलाज दिलाने के लिए वह अस्पताल पहुंचे थे।
अस्पताल के अंदर स्कूटी चलाने का वीडियो वायरल
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीजेपी नेता के स्कूटी चलाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में खरगापुर मंडल के बीजेपी महामंत्री प्रशांत शुक्ला एक व्यक्ति को पीछे बैठाकर अस्पताल के अंदर बने रैंप पर स्कूटी चलाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 18 सितंबर का है। आरोप है कि अस्पताल के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने प्रशांत शुक्ला को स्कूटी अंदर ले जाने से रोका था, लेकिन वह नहीं माने। गार्ड के मुताबिक, बीजेपी नेता ई-स्कूटी को रैंप के जरिए पहली मंजिल से ऊपरी तल तक ले गए।
गार्ड ने रोकने का किया दावा
अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि उसने बीजेपी नेता को अस्पताल के अंदर स्कूटी ले जाने से मना किया था। इसके बावजूद स्कूटी को अंदर ले जाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में स्कूटी चलाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में बीजेपी नेता प्रशांत शुक्ला ने वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी मंशा अस्पताल की व्यवस्था में बाधा डालने या आम जनता को परेशान करने की नहीं थी।
बीजेपी नेता ने दी सफाई
प्रशांत शुक्ला ने बताया कि 18 सितंबर की सुबह उनके निजी ड्राइवर गुड्डू यादव के परिजनों का फोन आया था। परिजनों ने बताया कि गुड्डू की तबीयत खराब है। इसके बाद वह उनके घर पहुंचे, जहां गुड्डू सीने में दर्द से परेशान था। बीजेपी नेता के मुताबिक, वह गुड्डू को तत्काल इलाज दिलाने के लिए स्कूटी से अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी दौरान जल्दबाजी में वह स्कूटी अस्पताल के अंदर ले गए। उन्होंने इसे भूलवश हुई गलती बताया। प्रशांत शुक्ला ने कहा कि उन्हें उसी रात अपनी गलती का एहसास हुआ। इसके बाद 19 सितंबर को उन्होंने बलदेवगढ़ के बीएमओ से मुलाकात कर माफीनामा सौंपा और माफी भी मांगी।
मानवीय मदद या अस्पताल की व्यवस्था का उल्लंघन?
बीजेपी नेता ने अपनी सफाई में इसे मानवीय मदद की भावना से उठाया गया कदम बताया है। वहीं, अस्पताल के अंदर स्कूटी चलाने का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और नियमों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखना होगा।