हाई-प्रोफाइल ट्विशा शर्मा मौत मामले में गुरुवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम भारी पुलिस बल और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भोपाल स्थित उनके आवास पहुंची, जहां कई घंटों तक पूछताछ और जांच की कार्रवाई चली।
पूरे घर के अंदर की बारीकी से मैपिंग की कार्रवाई की
जांच एजेंसी ने घर के भीतर मौजूद संभावित साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की और पूरे परिसर की मैपिंग की। करीब तीन घंटे तक चली पूछताछ के बाद देर शाम सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को हिरासत में ले लिया।
आज ही कोर्ट में पेश करेंगे
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई अब उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाएगी, जिसके बाद कोर्ट में पेश किया जा सकता है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली से आई विशेष पुलिस टीम ने उनके आवास को चारों तरफ से घेर रखा था।
जानकारी के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए सीबीआई की दिल्ली विंग से महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम भी भोपाल में तैनात की गई है।
समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की हिरासत में
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में मुख्य आरोपी समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई की हिरासत में है। कोर्ट द्वारा मंजूर उसकी रिमांड 29 मई को समाप्त होने वाली है।
बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह से पूछताछ में मिले अहम सुरागों और तथ्यों के आधार पर जांच की दिशा पूर्व जज गिरिबाला सिंह तक पहुंची, जिसके बाद सीबीआई ने यह कार्रवाई की।