भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। केंद्रीय जांच एजेंसी की एक टीम भोपाल पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीबीआई मंगलवार 26 मई से मामले की विस्तृत जांच शुरू करेगी।
FIR में पति और सास पर गंभीर आरोप
सीबीआई की एफआईआर के अनुसार ट्विशा शर्मा की शादी समर्थ सिंह के साथ 9 दिसंबर 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में ट्विशा की सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को आरोपी बनाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि
एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि 12 मई 2026 की रात करीब 10:20 बजे ट्विशा शर्मा की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट में यह सामने आया कि उनकी मौत फांसी लगाने से हुई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत से पहले फांसी लगाए जाने की पुष्टि हुई है।
शरीर पर मिले चोट के निशान
जांच के दौरान ट्विशा शर्मा के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए। रिपोर्ट में इन्हें किसी भारी वस्तु से चोट या मारपीट के संकेत बताया गया है।एफआईआर के मुताबिक, ट्विशा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी और इसी को लेकर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था।
मध्यप्रदेश सरकार ने CBI जांच को दी मंजूरी
मध्यप्रदेश सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम की धारा 6 के तहत सहमति प्रदान करते हुए इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। अब एजेंसी पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करेगी।