नोएडा की 31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। मामले में नए सवाल उठने के बाद रविवार को भोपाल एम्स में कड़ी सुरक्षा के बीच शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। हाईकोर्ट के निर्देश पर यह प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके। पोस्टमार्टम करीब तीन घंटे तक चला, जिसके बाद दिल्ली AIIMS से आई विशेषज्ञों की टीम वापस लौट गई। पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। लाल जोड़े में सजी ट्विशा की अंतिम यात्रा बेहद भावुक माहौल में निकली। शाम करीब 5:15 बजे भदभदा विश्राम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां भाई ने मुखाग्नि दी। घाट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, मीडियाकर्मी और पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीरता बढ़ा दी है। सुप्रीम Court ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 25 मई को विशेष सुनवाई तय की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ मामले की सुनवाई करेगी। कोर्ट ने इसे “ससुराल में युवती की अप्राकृतिक मौत और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं” से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
पति पुलिस रिमांड पर, CBI जांच की मांग तेज
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया था। करीब 10 दिन फरार रहने के बाद समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद पुलिस उसे भोपाल लेकर आई। अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। वहीं, मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग दोहराई है। अब सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।