भोपाल। मॉडल ट्विशा शर्मा मामले में भोपाल की लोकल कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की याचिका को खारिज कर दिया है। परिवार की ओर से एम्स दिल्ली में सेकेंड पोस्टमार्टम की मांग की गई थी, जिसे अदालत ने मंजूरी नहीं दी।
कोर्ट ने खारिज की दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
मामले में कोर्ट के फैसले के बाद अब ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम नहीं होगा। परिवार ने आशंका जताते हुए दिल्ली स्थित एम्स में सेकेंड पोस्टमार्टम कराने की अर्जी दी थी, लेकिन कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया।
वकील अंकुर पांडे का बयान
मामले में वकील अंकुर पांडे ने बताया कि कोर्ट ने एसएचओ को निर्देश दिए हैं कि जहां भी मध्य प्रदेश में माइनस 80 डिग्री तापमान पर बॉडी प्रिजर्वेशन की सुविधा उपलब्ध हो, वहां तुरंत व्यवस्था की जाए। साथ ही पुलिस को भी इस मामले में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार
वकील ने कहा कि अब परिवार के साथ बैठक कर आगे की कानूनी रणनीति पर चर्चा की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
पति समर्थ सिंह अभी फरार
इस मामले में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई जारी है।
मामला कैसे शुरू हुआ था
ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। इसके बाद पुलिस ने उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों में एफआईआर दर्ज की थी। गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और वह फरार है।