उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण की कवायद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पैतृक मकान तक पहुंच गई है। खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए नगर निगम ने सर्वे और मार्किंग शुरू कर दी है। इसी दौरान मुख्यमंत्री के पुश्तैनी मकान पर भी लाल निशान लगाया गया है। इस सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 मकान और दुकान प्रभावित होने की संभावना है।
1974 में दादा ने बनवाया था मकान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह पैतृक मकान परिवार की पुरानी यादों से जुड़ा है। उनकी बहन और नगर निगम सभापति कलावती यादव के मुताबिक, उनके दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह मकान बनवाया था। इसी घर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उनके भाई-बहनों और परिवार का बचपन बीता। फिलहाल मकान में उनके चाचा शंकरलाल यादव का परिवार रह रहा है। प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में मकान का करीब 15 फीट हिस्सा प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
शहर के विकास के लिए हिस्सा देने को परिवार तैयार
कलावती यादव ने कहा कि यह मकान परिवार की भावनाओं और स्मृतियों से जुड़ा है, लेकिन शहर के विकास और सिंहस्थ की व्यवस्थाओं को देखते हुए परिवार प्रभावित हिस्सा देने के लिए तैयार है। उन्होंने साफ किया कि उज्जैन में बेहतर यातायात व्यवस्था और विकास के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और परिवार इसमें सहयोग करेगा।
730 मीटर सड़क होगी 15 मीटर चौड़ी
खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने की योजना है। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई करीब 6 से 8 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 15 मीटर किया जाएगा। प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण पर करीब 9.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और यातायात के दबाव को देखते हुए इस मार्ग को महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
272 मकान-दुकान आएंगे सड़क की जद में
नगर निगम के सर्वे के मुताबिक प्रस्तावित चौड़ीकरण से कुल 272 मकान और दुकान प्रभावित होंगे। निगम की टीम ने सोमवार से मार्ग की नपती और सड़क सीमा की मार्किंग शुरू कर दी है। मार्ग पर प्रभावित भवनों के हिस्सों पर लाल निशान लगाए जा रहे हैं, ताकि प्रस्तावित सड़क सीमा को स्पष्ट किया जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।
सर्वे के बाद होगी अगली कार्रवाई
भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता के नेतृत्व में निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मार्ग की नपती और प्रभावित भवनों की मार्किंग की। टीम स्थल निरीक्षण के साथ सड़क सीमा से जुड़ी जरूरी जानकारी भी जुटा रही है। नपती और सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।