उज्जैन।उज्जैन-आलोट से भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी लिखी पुस्तक ‘नए भारत के चाणक्य: अमित शाह, रणनीति, संकल्प और सत्ता’की पहली प्रति गृह मंत्री अमित शाह को भेंट की। किताब में अमित शाह के राजनीतिक जीवन और उनकी रणनीतिक क्षमता की तुलना चाणक्य से की गई है।
आठ महीने में लिखी किताब, प्रभात प्रकाशन ने किया प्रकाशित
सांसद अनिल फिरोजिया के मुताबिक, इस पुस्तक को तैयार करने में उन्हें करीब आठ महीने का समय लगा। किताब लिखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों और विभिन्न स्रोतों से प्रामाणिक जानकारी जुटाई गई। दिल्ली के प्रसिद्ध **प्रभात प्रकाशन** ने पुस्तक का प्रकाशन किया है।
चाणक्य से अमित शाह की तुलना
पुस्तक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और राजनीतिक कौशल की तुलना महान रणनीतिकार चाणक्य से की गई है। इसमें अमित शाह के राजनीतिक सफर, संगठनात्मक क्षमता, दूरदर्शी नेतृत्व, राजनीतिक रणनीति, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति उनके संकल्प को प्रमुखता से केंद्र में रखा गया है। पुस्तक भेंट किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद फिरोजिया के इस साहित्यिक प्रयास की सराहना की।
सिंहस्थ और उज्जैन के विकास पर भी हुई चर्चा
पुस्तक भेंट करने के बाद सांसद अनिल फिरोजिया ने अमित शाह के साथ उज्जैन के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान आगामी वर्षों में होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को लेकर भी बातचीत हुई। सांसद ने उज्जैन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की जरूरत बताई। इसके साथ ही अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गृह मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।