Maharashtra Assembly Election 2024 Date: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच कांटे की टक्कर होने वाली है। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 23 अक्टूबर काउंटिंग होगी। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होगा।
महा विकास अघाड़ी और महायुति के बीच मुकाबला
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महा विकास अघाड़ी के तीन प्रमुख दल कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद चंद्र पवार) के सामने लोकसभा चुनाव परिणाम को दोहराने की चुनौती है। महायुति में बीजेपी, एनसीपी और शिवसेना (शिंदे) को अपनी सरकार बचाने के लिए कम से कम 145 सीट हासिल करनी होगी। महा विकास में कांग्रेस और महायुति में बीजेपी सबसे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
अब हम काशी और मथुरा की ओर भी बढ़ चुके हैं
वहीं महाराष्ट्र के वाशिम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या, काशी एवं मथुरा का उल्लेख किया। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि, अयोध्या में प्रभु श्री राम ने हाल ही में दीपावली का उत्सव मनाया तथा पूरी दुनिया ने देखा कि, अयोध्या दीपों से सज उठी थी। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, यह तो सिर्फ शुरुआत है, अब हम काशी और मथुरा की ओर भी बढ़ चुके हैं।
बंटिए मत, क्योंकि जब भी बंटे थे, तब ही कटे थे
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, बंटिए मत, क्योंकि जब भी बंटे थे, तब ही कटे थे। एकजुट रहें, तभी सुरक्षित और मजबूत रहेंगे। अपनी ताकत का अहसास कराइए, जातिवाद में न बंटिए। बीजेपी नेता योगी ने कांग्रेस एवं उसके सहयोगियों के गठबंधन को 'महाअनाड़ी' कहा और कहा, "जो राष्ट्र और धर्म की चिंता नहीं करते, वे अनाड़ी ही होंगे। इसके साथ ही आगे उन्होंने यह भी कहा कि, एक समय था जब आतंकवादी देश में घुसकर विस्फोट करते थे, किन्तु आज मोदी जी के नेतृत्व में यदि कोई सीमा पार करता है, तो उसका "राम नाम सत्य" हो जाता है।
राम हमारी रग-रग में और कण-कण में हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जैसा की वाशिम विधानसभा क्षेत्र में लोगों का उत्साह दिख रहा है, यह महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी की विजय गाथा लिखने जा रहा है। अपने भाषण के अंत में यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि, सत्ता आती-जाती रहेगी, लेकिन भारत को सशक्त बने रहना चाहिए। विपक्षी कहते थे कि, राम और कृष्ण नहीं हैं, किन्तु हम बोलते हैं कि, राम हमारी रग-रग में और कण-कण में हैं।
Comments (0)