मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि उत्तर भारत में अगले दो दिनों में घने कोहरे के साथ भीषण ठंड की स्थिति रहेगी। सोमवार रात से बुधवार सुबह तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
कोहरे के कारण उड़ानें रद्द
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और ठंड की चपेट में रही। तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली से रवाना होने वाली 313 उड़ानों में देरी हुई और 82 उड़ानें रद्द कर दी गई। वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच था। दक्षिण राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, बिहार, पूर्वी यूपी और झारखंड में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस कम है।
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि उत्तरप्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बुधवार तक घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस बीच, बारिश के अभाव में हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है। जिसके बाद एयर गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने रविवार को दिल्ली में चरण 3 के तहत 8 सूत्री कार्य योजना को लागू किया। 14 जनवरी को दोपहर 4 बजे राजधानी का औसत एक्यूआई 447 था।
मौसम प्रणाली सिस्टम
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण बांग्लादेश पर 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला है। मंगलवार से ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
Comments (0)