रांची, झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में आज यानी शुक्रवार को सीट शेयरिंग फाइनल हो गया है। इसके मुताबिक बीजेपी- 68, आजसू- 10, जेडीयू- 2 और लोजपा- 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी।
BJP जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की करेगी घोषणा
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि झारखंड में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) मिलकर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बताया कि भाजपा गठबंधन में आजसू 10 सीट सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर से अपना प्रत्याशी उतारेगा। वहीं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 2 सीट तमाड़ और जमशेदपुर पश्चिमी और लोजपा रामविलास 1 सीट चतरा से चुनाव लड़ेगा। वहीं, सीट शेयरिंग फाइनल होते ही बीजेपी जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी कर सकती है।
इंडिया गठबंधन की सरकार झारखंड को तबाही के रास्ते पर ले गई
शिवराज ने कहा कि देश में एनडीए की सरकार है। शक्तिशाली भारत का निर्माण मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। केंद्र की मोदी सरकार विकास और शासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झारखंड में चुनावी बिगुल बज चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार झारखंड को तबाही के रास्ते पर ले गई हैं। हमारी कोशिश है कि बेटी, माटी, रोटी और नौजवान सुरक्षित रहे। असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि यह चुनाव हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए के साथ लड़ेंगे। वहीं, बाबूलाल मरांडी के साथ रांची के भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आजसू सुप्रीमो ने कहा कि हम दोनों पार्टियों का बहुत पुराना संबंध है। झारखंड की जनता हम लोगों को साथ देखना चाहती है। राज्य के विकास के लिए और जनता के हित में हमने गठबंधन करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जब दोनों दल साथ में होते हैं, तो जनता के अनुकूल, उनकी भावनाओं के अनुरूप काम होता है।