राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को दूसरा और अंतिम दिन है। समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन हुआ।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
आज विपक्ष के नेता भी NDA सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस साल देश का जो युवा 18 साल का हुआ है, वो 18वीं लोकसभा के चुनाव के लिए मतदान करेगा। हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए अगले 100 दिन बहुत अहम है। हमें हर वोटर तक पहुंचना है।
भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण से हमें जनता-जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। 2024 में तीसरी बार सरकार बनाकर हम जनसेवा और राष्ट्र सेवा का अप्रतिम इतिहास रचने जा रहे हैं।
हमे सबका विश्वास हासिल करना है। जब सबका प्रयास होगा, तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी BJP को ही मिलेंगी। इन दो दिनों में जो चर्चा और विचार-विमर्श हुआ है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हैं।
भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन, 24 घन्टे देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है, लेकिन अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने के हैं।
भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता। सपनें भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमे भारत को विकसित बनाना है।
जो काम सदियों से लटके थे, हमने उनका समाधान करने का साहस करके दिखाया है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करके हमने 5 सदियों का इंतजार खत्म किया है। गुजरात के पावागढ़ में 500 साल बाद धर्म ध्वजा फहराई गई है। 7 दशक बाद हमने करतारपुर साहिब राहदारी खोली है। 7 दशक के इंतजार के बाद देश को आर्टिकल 370 से मुक्ति मिली है।
Comments (0)