आज देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस हेडक्वॉर्टर में वर्किंग कमेटी की मीटिंग हुई। इस बैठक में कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने चुनावी घोषणापत्र पर मंथन किया। बता दें कि, इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे। बैठक के बाद खड़गे ने बताया कि, CWC की बैठक में हमने कांग्रेस घोषणापत्र पर गहन विचार-विमर्श किया।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 5 स्तंभ थे - खड़गे
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, "भारत जोड़ो न्याय यात्रा" के 5 स्तंभ थे। किसान न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय में प्रत्येक की 5 गारंटी हैं। उन्होंने बताया कि, हर एक न्याय में 5 गारंटियों के हिसाब से कांग्रेस पार्टी ने कुल 25 गारंटियां दी हैं। खड़गे ने आगे कहा कि, साल 1926 से ही देश के राजनीतिक इतिहास में कांग्रेस घोषणापत्र को विश्वास और प्रतिबद्धता का दस्तावेज़ माना जाता है.
खड़गे ने राहुल गांधी की तारीफ
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा की भी जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि, इसके माध्यम से कांग्रेस लोगों के वास्तविक मुद्दे पर देश का ध्यान आकर्षित करने में सक्षम थी। ये सिर्फ राजनीतिक यात्राएं नहीं थीं, बल्कि हमारे राजनीतिक इतिहास में सबसे बड़े जन संपर्क आंदोलन के रूप में जानी जाएंगी। खड़गे ने आगे कहा कि, इसे कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता कि, हमारे समय में किसी ने भी इतना बड़ा अभियान नहीं चलाया है।
खड़गे ने बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस की बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, देश बदलाव चाहता है। मौजूदा मोदी सरकार की गारंटियां का वही हश्र होने जा रहा है, जो 2004 में बीजेपी की ‘इंडिया शाइनिंग’ नारे का हुआ था। इसके लिए हमारे हर गांव और शहर के कार्यकर्ता को उठ खड़ा होना होगा। खड़गे ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि, घर-घर अपने घोषणापत्र को पहुंचानें होंगे।
Comments (0)