यूपी की बेटी अनामिका शर्मा ने एक और कीर्तिमान स्थापित कर महाकुंभ 2025 को गर्व का पल दिया है। बता दें कि, अनामिका ने बैंकॉक में 13,000 फीट की ऊंचाई से स्काई डाइविंग करते हुए महाकुंभ 2025 का आधिकारिक झंडा आकाश में लहराया।
सबसे कम उम्र की स्काई डाइवर अनामिका
आपको बता दें कि, प्रयागराज की अनामिका शर्मा भारत की सबसे कम उम्र की सी-लाइसेंस प्राप्त महिला स्काई डाइवर हैं। इससे पहले, वह 13,000 फीट की ऊंचाई से ‘जय श्री राम’ और राम मंदिर के ध्वज के साथ छलांग लगाकर कीर्तिमान बना चुकी हैं। अनामिका शर्मा की यह उपलब्धि न केवल प्रयागराज बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
संगम पर लैंडिंग की तैयारी में अनामिका
अनामिका शर्मा ने महाकुंभ 2025 के बाद संगम के पवित्र जल में लैंडिंग की योजना बनाकर एक और अद्वितीय उपलब्धि की तैयारी कर ली है। अनामिका ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने की इच्छा जाहिर की है। अनामिका का लक्ष्य महिला दिवस (8 मार्च 2025) से पहले संगम पर लैंडिंग कर महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनना है। इसके अलावा वह एक प्रशिक्षित स्कूबा डाइवर भी हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।
महाकुंभ का संदेश विश्वभर में पहुंचाया
स्काई डाइवर अनामिका शर्मा ने ‘दिव्य कुंभ-भव्य कुंभ’ का संदेश विश्वभर में पहुंचाने का अनोखा प्रयास किया है। अनामिका के इस कदम ने महाकुंभ 2025 की महिमा को और बढ़ा दिया है। अनामिका शर्मा की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि जुनून और साहस हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उनका यह प्रयास महाकुंभ की वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करेगा।
Comments (0)