कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अधीर रंजन चौधरी को निमंत्रण दिया गया था, लेकिन इन नेताओं ने इसे भाजपा और आरएसएस का कार्यक्रम बताते हुए आने से इनकार कर दिया।इसके बाद कांग्रेस में बवाल शुरू हो गया
लोकसभा चुनाव में जनता कांग्रेस का बायकाट करेगी
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, जो कांग्रेस अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बायकाट कर रही है, उसका 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता बायकाट करेगी। कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा कभी नहीं बदल सकता। बीजेपी नेता ठाकुर ने आगे कहा कि, यह वही कांग्रेस है जिसने शपथपत्र देकर श्रीराम को काल्पनिक बताया था। यह वही कांग्रेस है जिसने वादा किया था कि, हम उसी जगह पर फिर बाबरी मस्जिद बनवाएंगे। यह वही कांग्रेस है जिसने रामलला का मंदिर न बने इसके लिए वकीलों की फौज खड़ी की थी। यह वही कांग्रेस है जो रामसेतु से लेकर श्रीराम से जुड़ी प्रत्येक बात का विरोध करती आई है।
नेहरू ने भी सोमनाथ मंदिर में नहीं किए थे दर्शन
बीजेपी ने कांग्रेस पर चौतरफा हमले करते हुए कांग्रेस को एंटी हिंदू करार दिया। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि, कांग्रेस ने तुष्टिकरण की खातिर राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकरा दिया है। यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है। यह जवाहरलाल नेहरू की कांग्रेस है जो हिंदू धर्म के खिलाफ है। कर्नाटक बीजेपी के नेता सीटी रवि ने दावा किया है कि, भारत के पहले पीएम नेहरू ने गुजरात के प्राचीन सोमनाथ मंदिर जाने से इनकार कर दिया था।
कांग्रेस हमेशा से हिंदुत्व के खिलाफ रही है
कर्नाटक बीजेपी के नेता सीटी रवि ने कहा कि, कांग्रेस हमेशा से हिंदुत्व के खिलाफ रही है। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, गुजरात के प्राचीन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबू राजेंद्र प्रसाद और केएम मुंशी द्वारा किया गया था। उस समय जवाहरलाल नेहरू देश के पीएम थे। वह सोमनाथ नहीं गए। ऐसे में कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व अयोध्या कैसे जा सकता है।
Comments (0)