भारत के इतिहास में 2 अक्टूबर की तारीख बहुत खास होती है। इस दिन दो महान शख्सियतों का जन्म हुआ था। पहले देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जिन्हें प्यार से लोग बापू कहकर बुलाते हैं। वहीं, दूसरे 'जय जवान जय किसान' जैसा अमर नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जिन्हें, गुदड़ी का लाल उपनाम से भी जाना जाता है। दोनों ही व्यक्तियों ने देश को आजादी दिलाने से लेकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई। एक ओर महात्मा गांधी हैं जिन्होंने अपनी अंतिम सांस तक लोगों को सत्य और अहिंसा का पाठ पढ़ाया। तो वहीं, दूसरी ओर हैं सादगी की मिसाल के तौर पर देखे जाने वाले लाल बहादुर शास्त्री। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस को गांधी जयंती तो लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिन को शास्त्री जयंती कहा जाता है।
बापू ने देश को आजादी दिलाने में कई संघर्ष किये
मोहनदास करमचन्द गांधी जिन्हें महात्मा गांधी के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के एक तटीय नगर पोरबंदर नामक स्थान पर हुआ था। वह भारतीय स्वतंत्रता के प्रमुख राजनैतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे। वह सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के रोकने के समर्थक थे। उन्हें महात्मा नाम राष्ट्रकवि रबिन्द्रनाथ टौगोर से मिला था। दरअसल, सन् 1919 में रबिन्द्रनाथ टौगोर ने अपने एक लेख में उन्हें महात्मा के नाम से संबोधित किया था। महात्मा गांधी ने अंग्रेजी शासन को खत्म कर देश को आजादी दिलाने में कई संघर्ष किये। उन्होंने साल 1930 में 'नमक सत्याग्रह' कर अंग्रेजों के लगाए गए नमक कर को हटाया। इसके बाद देश को पूर्णतः आजाद करने के लिए साल 1942 में 'अंग्रजों भारत छोड़ो' आंदोलन का नेतृत्व किया।
भारत के दूसरे प्रधानमंत्री
लाल बहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री थे। उन्होंने 9 जून 1964 से लेकर 11 जनवरी 1966 को अपनी मृत्यु तक लगभग अठारह महीने भारत की बागडोर संभाली। देश के स्वतंत्र होने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश के संसदीय सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। बता दें, गोविंद बल्लभ पंत के कैबिनेट में उन्हें पुलिस एवं परिवहन मंत्रालय सौंपा गया था। अपने इस कार्यकाल में उन्होंने पहली बार महिला कण्डक्टर्स की नियुक्ति कर देश में महिला शस्क्तिकरण का संदेश दिया था। आज दंगे होने पर पानी की बौछार (वॉटर कैनन) की जाती है उसकी नींव भी उन्होंने ही रखी थी। दरअसल, दंगों के समय लोगों पर लाठियां बरसाते देख उन्होंने भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिये लाठी की जगह पानी की बौछार करने का आदेश दिया था। देश को आजादी दिलाने में भी उन्होंने अपना बहुत बड़ा योगदान दिया था। वह भारत छोड़ो आंदोलन समेत अन्य स्वतंत्रता संग्राम आंदोलनों का हिस्सा भी रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 9 जून 1964 को पदभार ग्रहण किया था।
Comments (0)