उत्तरप्रदेश में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बीते एक सप्ताह में राज्य के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं (लू) ने हालात और खराब कर दिए हैं, जबकि रातें भी अब गर्म रहने लगी हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। सुबह से ही तेज धूप और पछुआ हवाओं के कारण गर्मी का असर बढ़ गया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर में रात के समय भी गर्मी का असर बना रहेगा।
इन जिलों में लू का रेड अलर्ट
आज आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बदायूं, शाहजहांपुर, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, संत रविदास नगर, चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र में तेज गर्म हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। 23 अप्रैल तक प्रदेश में लू का असर बने रहने की संभावना है।
लखनऊ में भी बढ़ा तापमान
राजधानी लखनऊ में तेज धूप के कारण तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। रात का तापमान भी लगभग 23 डिग्री रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को लगातार गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में भी दिनभर तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिलेगा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बांदा में सबसे ज्यादा गर्मी, 44°C के पार पहुंचा पारा
बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों में हालात सबसे गंभीर बने हुए हैं। बांदा में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक दर्ज तापमान है। प्रयागराज, झांसी, आगरा और वाराणसी भी प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल हैं। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है।