मुरैना जिले में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कैटरिंग का काम करने गए आगरा के युवकों की डीसीएम गाड़ी बिजली के तार से टकरा गई, जिससे करंट फैल गया और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैटरिंग के काम के लिए गए थे युवक
जानकारी के अनुसार, आगरा के कई युवक डीसीएम गाड़ी से कैटरिंग का काम करने के लिए मुरैना के थाना माता बसैया क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव गए थे। गाड़ी में कैटरिंग का सामान लदा हुआ था और सभी युवक उसी गाड़ी के साथ काम के लिए पहुंचे थे। लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
गाड़ी में फैल गया करंट
बताया जा रहा है कि जैसे ही डीसीएम ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकराई, पूरी गाड़ी में करंट फैल गया। उस समय गाड़ी में करीब 8 युवक मौजूद थे, जिनमें से कुछ गाड़ी पर खड़े थे। अचानक करंट फैलने से सभी इसकी चपेट में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दो युवकों की मौके पर मौत
इस हादसे में आगरा कैंट थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा निवासी 22 वर्षीय आलोक (पुत्र राम सिंह) की मौके पर मौत हो गई। वहीं सुल्तानपुरा छोटी बस्ती निवासी 16 वर्षीय विक्की ने भी दम तोड़ दिया। दोनों युवक हादसे के वक्त गाड़ी पर खड़े थे, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और उनकी जान चली गई।
विक्की का परिवार पहले से ही बेहद कमजोर स्थिति में था। उसके माता-पिता सतीश और मनीषा का पहले ही निधन हो चुका है और उसे परिवार के अन्य सदस्यों ने पाला था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और बड़ा भाई गहरे सदमे में है।
अन्य युवक भी झुलसे
हादसे में रिंकू और सोम भी करंट की चपेट में आ गए थे, हालांकि कुछ देर बाद उन्हें होश आ गया। अन्य युवकों को भी हल्का करंट लगा, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
आलोक और विक्की की मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। गरीब परिवारों से जुड़े इन युवकों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और लगातार रो-रोकर बुरा हाल है।