तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। फायर एंड रेस्क्यू विभाग के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक 16 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
आसपास की बिल्डिंग में भी दरारें आईं
धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री के आसपास की इमारतों में भी दरारें पड़ गईं। दमकल, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने X पर लिखा- इस हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। सीएम ने मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिला कलेक्टर से बात कर सभी जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।