छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के कई हिस्सों में लू (हीट वेव) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने 20 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है। तेज गर्मी के कारण लोगों को दिन में बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है।
राज्य का तापमान रिकॉर्ड
राजनांदगांव छत्तीसगढ़ का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
20 अप्रैल का मौसम पूर्वानुमान
20 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में गर्मी का असर तेज
राजधानी रायपुर में हीट वेव के चलते तापमान और बढ़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और महासमुंद में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हीट वेव और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है।