तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में 23 लोगों की जान चली गई है, जबकि 6 घायलों को ICU में भर्ती कराया गया है।अब तक 19 शवों की पहचान हो चुकी है, जिनमें 16 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे।
तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट
राहत और बचाव कार्य के दौरान एक और धमाका हुआ, जिसमें पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम के 13 सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट फैक्ट्री के फ्रंट हिस्से में हुआ, जहां मजदूर बारूद के साथ काम कर रहे थे। प्रशासन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और निगरानी के लिए एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
6 दिन पहले भी हुआ था धमाका, 2 लोगों की गई थी जान
इससे पहले 13 अप्रैल को विरुधुनगर के सत्तूर के पास सथिरापट्टी क्षेत्र में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। पांडी नामक मजदूर की मौके पर ही झुलसने से मृत्यु हो गई थी, जबकि करुप्पासामी (33) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।