भोपाल के एमवीएम मैदान में सोमवार, 20 अप्रैल को नारी सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में करीब 20 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते शहर में भारी ट्रैफिक दबाव की स्थिति बन सकती है। लाल परेड ग्राउंड, पीएचक्यू और रोशनपुरा चौराहे के आसपास जाम लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी, जिससे आम नागरिकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यह रहेगा वैकल्पिक रूट प्लान
रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन अब बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल और सुभाष ओवरब्रिज मार्ग से जाएंगे।
जवाहर चौक से आने-जाने के लिए लिंक रोड नंबर-2 का उपयोग किया जाएगा।
पुराने शहर के यात्री भारत टॉकीज, पुल बोगदा, जिंसी और कोर्ट चौराहा मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
वीआईपी रोड से नए शहर जाने वाले वाहन स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा और लिंक रोड-2 का उपयोग करेंगे।
शहर की बसें विभिन्न प्रमुख चौराहों से होकर लाल परेड ग्राउंड तक पहुंचेंगी।
इन मार्गों पर रहेगा अधिक ट्रैफिक दबाव
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम तिराहा से गांधी पार्क होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक के मार्ग पर सुबह 10 बजे से अधिक दबाव रहेगा। ऐसे में आम नागरिकों को इस रूट से बचने की सलाह दी गई है।
पार्किंग व्यवस्था
सीहोर से आने वाले वाहनों की पार्किंग रवींद्र भवन में की जाएगी, जबकि राजगढ़ से आने वाले वाहनों को एमएलए रेस्ट हाउस में पार्क किया जाएगा। भोपाल और अन्य जिलों से आने वाले वाहन लाल परेड ग्राउंड में खड़े होंगे।