शिवपुरी। मध्य प्रदेश के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन पर करैरा के SDOP को खुलेआम धमकाने का आरोप लगा है। एक वायरल वीडियो में विधायक कथित तौर पर पुलिस अधिकारी को चुनौती देते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि विधायक के बेटे दिनेश लोधी को एक सड़क हादसे के मामले में पूछताछ के लिए करैरा थाने बुलाया गया था। पुलिस ने उससे सख्त पूछताछ की और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन पर ब्लैक फिल्म और हूटर पाए जाने पर चालान काटा, साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की। इसी कार्रवाई से नाराज़ विधायक प्रीतम लोधी ने मीडिया से बातचीत में कथित तौर पर कहा, “SDOP तेरे डैडी की नहीं है करैरा… मेरा बेटा यहां आएगा भी, घूमेगा भी और चुनाव भी लड़ेगा। अगर दम है तो रोक कर दिखा।”
SDOP का जवाब
आयुष जाखड़ ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पुलिस ने केवल नियमों के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ के दौरान जो भी तथ्य सामने आए, उसी आधार पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। रविवार को सामने आए वीडियो में विधायक पुलिस को “औकात में रहने” की चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिस कानून के दायरे में नहीं रही तो परिणाम भुगतने होंगे।
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
यह पहला मौका नहीं है जब प्रीतम लोधी विवादों में आए हों। इससे पहले भी वे प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर तीखे और आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है।
ये था पूरा मामला
16 अप्रैल की सुबह करैरा क्षेत्र में एक थार वाहन ने सड़क पर जा रहे लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें 5 लोग घायल हुए थे। इस मामले में विधायक के बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और वाहन जब्त किया गया था। अब मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। अब यह देखना होगा कि इस पूरे प्रकरण में आगे क्या कार्रवाई होती है।