उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा रामनगर से आ रही एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस के जालो के पास सड़क से करीब 100 फीट नीचे खाई में गिरने से हुआ। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था और घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
हादसे की वजह क्या रही?
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल यात्रियों के मुताबिक, बस ओवरलोड थी और तेज रफ्तार में चल रही थी। यात्रियों का कहना है कि बस का टायर अचानक फट गया, जिससे ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस गहरी खाई में जा गिरी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
इससे पहले जनवरी में डोडा जिला में भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब सेना की गाड़ी 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 10 जवानों की मौत हुई थी, जबकि 11 घायल हो गए थे। बताया गया था कि सड़क पर बर्फ होने के कारण वाहन फिसल गया और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा।