पिछले कुछ दिनों में भारतीय विमान कंपनियों को 100 से अधिक धमकियां मिल चुकी हैं। इन धमकियों के बीच खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत को धमकी दी है, जिसमें उसने एअर इंडिया की फ्लाइट पर हमले की चेतावनी दी है।
आतंकी पन्नू ने दी प्लेन उड़ाने की धमकी
खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा है कि, सिख दंगों की 40वीं वर्षगांठ के मौके पर एअर इंडिया की फ्लाइट को निशाना बनाया जा सकता है। उसने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 1 से 19 नवंबर तक एअर इंडिया में उड़ान न भरने का आग्रह किया है। बता दें कि, सिख फॉर जस्टिस संगठन के संस्थापक पन्नू अक्सर भड़काऊ बयान देता रहता है। खालिस्तान के नाम पर लोगों को भड़काने के कारण भारत उसे आतंकवादी मानता है।
2020 में पन्नू को आतंकवादी घोषित किया गया
गुरपतवंत सिंह पन्नू पर अलगाववाद को बढ़ावा देने एवं पंजाबी सिख युवाओं को हथियार उठाने के लिए उकसाने का आरोप है। साल 2020 में, उसे अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया गया। सिख फॉर जस्टिस की विचारधारा के कारण इसे भी प्रतिबंधित कर दिया गया, साथ ही इस संगठन का कंटेंट बनाने एवं दिखाने वाले कई यूट्यूब चैनलों पर भी रोक लगा दी गई। पन्नू अब भगौड़ा है तथा अमेरिका में शरण लिए हुए है, उसके पास कनाडा की नागरिकता भी है।
पन्नू ने भारत में आतंकी घटनाओं की जिम्मेदारी ली है
आपको बता दें कि, गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत में आतंकी घटनाओं की जिम्मेदारी ली है। अप्रैल 2023 में, एक वीडियो में, उसने पीएम मोदी को उनकी असम यात्रा के चलते धमकी दी थी। वहीं जून 2023 में, दो महीने के अंदर 3 अन्य प्रमुख खालिस्तानी नेताओं की मौत के बाद, पन्नू छिप गया था। वह पंजाब और भारत के कई पड़ोसी क्षेत्रों से अलग एक धर्म-आधारित अलग प्रदेश की वकालत करता है, जिसे खालिस्तान के नाम से जाना जाता है।
Comments (0)