मुंबई। विमानों में बम होने की फर्जी धमकी देने वाले आरोपित सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा भारतीय विमानों को निशाना बनाकर एक्स और हॉटमेल के जरिये भेजे गए कई फर्जी संदेशों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कुछ इंटरनेट मीडिया हैंडल और ईमेल पतों की जानकारी हासिल करने के लिए एक्स और हॉटमेल से संपर्क किया है।
भारतीय एयरलाइंस को विदेशी धरती से बम की धमकी मिल रही है। इसका खुलासा अभी तक की जांच में हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इसके पीछे कोई आतंकी संगठन तो नहीं है। आरोपित बेहद शातिर हैं। बार-बार उनका आईपी एड्रेस बदल रहा है। वीपीएन का इस्तेमाल करके विमानों को धमकी दी जा रही है।