समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता अबू आजमी के औरंगजेब को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। बीजेपी लगातार उनके इस बयान पर आपत्ति जता रही हैं। वहीं अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों—सपा, आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। पासवान ने आरोप लगाया कि, ये दल हिंदू-मुसलमान के बीच नफरत फैलाने और तुष्टीकरण की राजनीति करने में जुटे रहते हैं।
चिराग पासवान का कड़ा जवाब
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, जो भी इतिहास जानता है, उसे यह भी पता होगा कि औरंगजेब किस तरह का क्रूर शासक था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं और समाज में भ्रम फैला रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, विपक्षी दलों का एजेंडा सिर्फ सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना है, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।
सपा नेता अबू आजमी का बयान
अबू आजमी ने अपने बयान में कहा था कि, औरंगजेब इंसाफ पसंद बादशाह था। उनके समय में भारत सोने की चिड़िया था। मैं उन्हें क्रूर शासक नहीं मानता। उनके राज में हिंदू-मुसलमान की लड़ाई नहीं थी, बल्कि सत्ता संघर्ष था। औरंगजेब के समय में कई मंदिरों का निर्माण हुआ था, लेकिन इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है।उनके इस बयान पर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे भड़काऊ करार दिया।
विपक्ष पर तुष्टीकरण के आरोप
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों को हमला बोलते हुए कहा कि, आरजेडी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का हमेशा से एक ही एजेंडा रहा है, एक विशेष समुदाय की राजनीति करना और समाज में विभाजन पैदा करना। इसके साथ ही पासवान ने आगे कहा कि, विपक्ष पर आरोप लगाया कि ये दल बहुसंख्यक समाज की भावनाओं की अनदेखी करते हैं और वोट बैंक की राजनीति के लिए इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं।
Comments (0)