बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि, वह अब बीजेपी के साथ ही रहेंगे तथा किसी अन्य दल के साथ जाने का सवाल ही नहीं उठता। सीएम ने कहा कि, भाजपा के साथ उनका रिश्ता काफी मजबूत है। इस दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि, उनकी अपनी पार्टी के कुछ फैसलों के कारण दो बार उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ जाना पड़ा था।
दो बार मेरी पार्टी के लोगों ने गलती करवा दी
सीएम नीतीश कुमार ने अपने बयान में आगे कहा है कि, दो बार मेरी पार्टी के लोगों ने गलती करवा दी। मुझे यह बात अच्छी नहीं लगी, इसलिए दोनों बार मैंने राष्ट्रीय जनता दल का साथ छोड़ दिया। सीएम ने आगे कहा कि, मैं शुरू से भारतीय जनता पार्टी के साथ था तथा अब कहीं और जाने का सवाल ही नहीं है। हमारा भाजपा के साथ रिश्ता 1996 से चला आ रहा है। अब हम हमेशा साथ रहेंगे तथा इधर-उधर नहीं जाएंगे।
नीतीश कुमार ने RJD के साथ जाने पर अफसोस जताया
आपको बता दें कि, इससे पहले भी सीएम नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के साथ जाने पर अफसोस जताया है। नीतीश ने पीएम नरेंद्र मोदी के सामने भी स्वीकार किया था कि, उनसे गलती हो गई और अब वह राष्ट्रीय जनता दल के साथ नहीं जाएंगे। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान नीतीश ने उनके पैर छूने का प्रयास भी किया था तथा ऐसा उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि तीन बार किया। इसके अतिरिक्त, वह भाजपा नेता आरके सिन्हा के भी पैर छू चुके हैं।
नीतीश कुमार JDU के प्रमुख हैं
बता दें कि, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, जो जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख हैं, लोकसभा चुनावों में भाजपा के सबसे बड़े सहयोगियों में से एक बनकर उभरे। इस वर्ष NDA सरकार बनाने में जेडीयू ने अहम भूमिका निभाई, क्योंकि आम चुनावों में भाजपा अकेले बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी। NDA में भाजपा के पश्चात् JDU एवं चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी हैं।
Comments (0)