दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए मतदान 25 मई को होगा। 9 मई को चुनाव आयोग प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर देगा। दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. कृष्णमूर्ति ने कहा कि हम मतदाताओं को सुविधाजनक और सुगम मतदान की अनुभूति देंगे।
13 हजार से ज्यादा केंद्रों पर मतदान होगा
दिल्ली में 2627 स्थानों पर कुल 13 हजार 637 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, कूलर, वेटिंग एरिया समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पोलिंग बूथ पर अधिकतम 1800 मतदाताओं की सीमा रखी गई है।
पिक एंड ड्रॉप और व्हील चेयर मिलेगी
मतदान केंद्र तक जाने में यदि कोई असमर्थ है तो उसे चुनाव आयोग की ओर से पिक एंड ड्रॉप की सुविधा मिलेगी। कोई चलने में असमर्थ है तो केंद्र पर व्हील चेयर की सुविधा होगी। कुल 4000 व्हील चेयर की भी सुविधा की गई है। हर बार की तरह इस बार भी महिलाओं द्वारा संचालित पिंक बूथ बनाए जाएंगे। यह सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक होंगे। इसी तरह एक-एक मॉडल पोलिंग स्टेशन भी होगा। पहली बार चुनाव आयोग एक ऐसा पोलिंग स्टेशन भी तैयार कर रहा है जहां तैनात सभी दिव्यांगकर्मी होंगे।
लाइव वेबकास्टिंग होगी
दिल्ली में 13 हजार से ज्यादा बूथों में से 50 फीसदी लाइव वेबकास्टिंग होगी। 78 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, 19 हजार से अधिक होमगार्ड और 6 कंपनी CRPF की तैनात रहेंगी। 2800 बूथ सुरक्षा के लिहाज से क्रिटिकल श्रेणी में रखे गए हैं, सुरक्षा के अलग इंतजाम होंगे। ड्रोन का भी इस्तेमाल होगा। मतदाताओं को जानकारी देने के लिए 8 हजार से अधिक वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे। यह 1.03 लाख चुनाव कर्मियों से अलग होंगे। यह बुजुर्गों, महिलाओं दिव्यांगों की मदद करेंगे।
Comments (0)