जयपुर: राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। जयपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम के मंच से हुई कथित टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठते थे, लेकिन अब उसके संस्कार भी सामने आ रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, मैं इतना ही कहूंगा कि हमें पहले लगता था कि कांग्रेस का केवल प्रदर्शन खराब जा रहा है. अब तो उनके संस्कार भी पता चल रहे हैं कि कांग्रेस का स्तर इतना नीचे गिर गया है कि सुर्खियों में बने रहने के लिए बुजुर्ग मां पर भी टिप्पणी की जाती है. राहुल गांधी के मंच पर एक बुजुर्ग महिला और एक मां पर जिस तरह का तंज और टिप्पणी कसी जाती है, वह कांग्रेस के संस्कारों को दिखाता है कि महिलाओं के प्रति उनकी सोच क्या है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी किया जिक्र
बीजेपी सांसद ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी जिक्र किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनी थीं, तब कांग्रेस नेताओं की ओर से की गई टिप्पणियों को भी देखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला के देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों से उनकी सोच सामने आई थी। ये बातें अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कही हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस से सवाल
अनुराग सिंह ठाकुर ने महिला आरक्षण के मुद्दे को भी अपने बयान में उठाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून को परिसीमन के बाद लागू करने के मुद्दे पर कांग्रेस आगे नहीं आ रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर समर्थन नहीं कर रही है।
इंदौर में हुआ था ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित हुआ था। कार्यक्रम में छात्रों की शिक्षा, रोजगार, भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई।इसी कार्यक्रम को लेकर जयपुर पहुंचे अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी के मंच से जुड़े विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी।