रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर समेत प्रदेश के करीब 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बदलेगा मौसम
मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर एरिया बताया जा रहा है। इसके आगे बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती हैं।खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने की स्थिति बन सकती है।
जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने से 3 की मौत
इधर, शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घटना महुदा गांव की बताई गई है।जानकारी के अनुसार ग्रामीण शाम के समय बाड़ी में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी एक झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान झोपड़ी पर बिजली गिरने से लोग उसकी चपेट में आ गए।
अकलतरा में भी बिजली गिरने से एक ग्रामीण की मौत
इसके अलावा अकलतरा थाना क्षेत्र में CCI प्लांट के पास भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। यहां बिजली की चपेट में आने से दूज राम जाटवार (55) की मौत हो गई।लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
बालोद में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इनमें बालोद में सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक:
बालोद: 70 मिमी
कवर्धा: 60 मिमी
कांकेर: 60 मिमी
सुकमा: 50 मिमी
जगदलपुर: 40 मिमी
मल्हारकोटा: 40 मिमी
अंबिकापुर: 40 मिमी
इसके अलावा पेंड्रा रोड, कुसमी, कोटा, तखतपुर, भाटापारा, डोंगरगढ़, बेमेतरा, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, अकलतरा, रायपुर और आसपास के कई क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई।
आंधी और बिजली को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
बारिश के साथ तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।