कांग्रेस नेता शशि थरूर को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'शेवेलियर डी ला लीजन डी'होनूर' से सम्मानित किया गया है। कांग्रेस सांसद को फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर ने सम्मानित किया। बता दें कि, फ्रांस सरकार ने अगस्त 2022 में शशि थरूर को यह पुरस्कार देने का ऐलान किया था। थरूर ने इस सम्मान के लिए फ्रांस का आभार जताया है।
फ्रांसिसी दूतावास ने थरूर की प्रतिभा और व्यक्तित्व की तारीफ
भारत में फ्रांसिसी दूतावास ने एक बयान में बताया गया कि, भारत-फ्रांस के संबंधों को गहराई देने, अंतरराष्ट्रीय शांति और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता और लंबे समय से फ्रांस के मित्र के रूप में शशि थरूर के अथक प्रयासों के चलते उन्हें यह सम्मान दिया गया है। इस बयान में कांग्रेस नेता शशि थरूर की प्रतिभा और उनके व्यक्तित्व की तारीफ की गई। बयान के अनुसार, चाहे वह संयुक्त राष्ट्र में एक राजनयिक के रूप में रहे हों या फिर भारत में एक राजनेता के तौर पर या फिर एक लेखक के तौर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य किया है।
शशि थरूर ने सम्मान के लिए जताया आभार
कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद आभार जताया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि, फ्रांस के लोगों, उनकी भाषा और उनकी संस्कृति और खास तौर पर उनके साहित्य और सिनेमा की तारीफ करनेवाले व्यक्ति के रूप में मैं आपके देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर आभारी हूं। बता दें कि, कांग्रेस नेता थरूर ने UPA सरकार में विदेश राज्य मंत्री और मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री का भी कार्यभार संभाला है।
Comments (0)