बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर लालू प्रसाद यादव की तरफ से दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है। इस सियासी भोज में शामिल होने के लिए सूबे के सीएम नीतीश कुमार भी आए हुए थे। सीएम नीतीश ने मकर संक्रांति को लेकर पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और अन्य नेताओं को बधाई दी।
जेडीयू-आरजेडी में कोई मतभेद नहीं
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, RJD-JDU और इंडिया गठबंधन में शामिल दलों में कोई मतभेद भी नहीं है। मतभेद की खबरें बेकार की बातें हैं। उन्होंने कहा कि, जब से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का गठन हुआ है, तब से इस तरह के मतभेद की बातों को पूरी तरह से फैलाया जा रहा है।
बीजेपी और NDA नेताओं में डर का माहौल है
तेजस्वी यादव ने कहा है कि, उनकी सरकार ने 2.25 लाख से अधिक शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने का काम किया। पिछड़े वर्ग का आरक्षण बढ़ाया और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका और पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय में बढ़ोतरी की। राज्य में 50 हजार करोड़ रुपये निवेश को लेकर MOU हुए, जो भी वादा किए गए थे, उसे पूरा करने का प्रयास भी किया जा रहा है। इससे भारतीय जनता पार्टी और NDA नेताओं में डर का माहौल है। उन्होंने आगे कहा कि, यही कारण है कि, मतभेद की अनर्गल खबरों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर तेजस्वी यादव ने दावा किया कि सबकुछ समय के पहले तय हो सकता है।
इंडिया गठबंधन से बीजेपी घबराई हुई है
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि, महागठबंधन एकजुट है। नीतीश कुमार नाराज नहीं है। हर बार एक ही मामले पर वे लोग क्यों सफाई दें ? सब बेकार की बातें है। बिहार के डिप्टी सीएम ने आगे भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, जब से महागठबंधन बना, तब से भाजपा घबराई हुई है। लालू यादव और नीतीश कुमार साथ है, इसलिए भाजपा डरी हुई है।
Comments (0)